Hamarichoupal
देहरादून, 8 अगस्त। प्रदेश के 10 हजार बेरोजगार युवाओं को बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग प्रदेशभर में चार विशेष रोजगार मेलों का आयोजन करेगा। गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून तथा कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेले लगाए जाएंगे। इनमें विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग भी भागीदारी करेंगे।
विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास पर तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को रोजगार मेलों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। सरकार अब तक करीब 42 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा चुकी है, जिसमें स्थायी, संविदा और आउटसोर्स कार्मिक शामिल हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि अगले चार माह में आयोजित होने वाले इन रोजगार मेलों में पॉलिटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं तथा पासआउट युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। विद्यालयी शिक्षा के अंतर्गत व्यावसायिक पाठ्यक्रम करने वाले विद्यार्थियों के साथ ही उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी निजी कंपनियों में रोजगार का अवसर दिया जाएगा।
एक सप्ताह में शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण
रोजगार मेलों के लिए युवाओं का निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण एक सप्ताह के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। रोजगार मेलों में अधिक से अधिक युवाओं और कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग जल्द ही विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन एवं कौशल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक करेगा।
हर विभाग में बनेगा मीडिया सेल
समीक्षा बैठक में मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय मुख्यालयों में मीडिया सेल गठित करने के निर्देश भी दिए। मीडिया सेल विभागीय वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित रूप से अपडेट करने के साथ सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा। इसके लिए आईटी एवं तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
