Hamarichoupal,12,06,2026
रुद्रपुर/देहरादून, 12 जून। उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्यमंत्री के निर्देश और “अपराध मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत एसटीएफ ने गुरुवार देर रात रुद्रपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन अवैध हथियार, आठ कारतूस और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल और उसका चालक अमित पाल शामिल हैं। एसटीएफ के अनुसार आरोपियों के पास से एक 12 बोर पम्प एक्शन बंदूक, एक .30 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस तथा दो फर्जी लाइसेंस बरामद हुए हैं।
एसटीएफ ने बताया कि 10 जून की रात काशीपुर में संयुक्त अभियान के दौरान एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए गए थे। उसी मामले में फरार चल रहे सौरभ अग्रवाल की तलाश की जा रही थी। जांच में सामने आया कि बरामद कार को चालक अमित पाल ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से पार्किंग में खड़ा कर दिया था। कार की चाबी भी आरोपियों से बरामद की गई है।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में अब तक राज्य के विभिन्न जनपदों में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। सात आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है तथा कुल 12 अवैध हथियार, 315 कारतूस और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। एसटीएफ अन्य संदिग्ध लाइसेंस धारकों और अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ भी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन अभियान भी जारी है।
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि फर्जी अथवा संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
