धर्मशाला। कांगड़ा जिले के खनियारा-योल क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग हादसे में बुल्गारिया के 47 वर्षीय पायलट मैक्सिम वैलेंटिनोविच गैवरिलिचेंको की मौत हो गई, जबकि ब्रिटेन के 63 वर्षीय पायलट स्टीफन एंटनी पर्डी को सुरक्षित बचा लिया गया।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के खनियारा-योल क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग हादसे में बुल्गारिया के 47 वर्षीय पायलट मैक्सिम वैलेंटिनोविच गैवरिलिचेंको की मौत हो गई, जबकि ब्रिटेन के 63 वर्षीय पायलट स्टीफन एंटनी पर्डी को सुरक्षित बचा लिया गया। दोनों रविवार को बीड़-बिलिंग से उड़ान भरने के बाद राइजिंग स्टार पीक के पास हादसे का शिकार हो गए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच हुआ।
तेज हवा और हवा के दबाव के कारण पैराग्लाइडर के क्रैश होने की आशंका है। मैक्सिम सात अक्तूबर को पर्यटक वीजा पर भारत आए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और हिम संसार बचाव दल ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया। रविवार रात करीब नौ बजे बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ और रातभर तलाश अभियान चलाया।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे अभियान पूरा हुआ। इस दौरान मैक्सिम की मौत हो चुकी थी, जबकि ब्रिटिश पायलट स्टीफन को सुरक्षित निकाल लिया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला के शव गृह में रखा गया है। एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
धर्मशाला में पैराग्लाइडिंग हादसा: बुल्गारिया के पायलट की मौत, एक को सुरक्षित बचाया
2
