देहरादून, 25 अक्टूबर। राजधानी देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और देर रात तक सड़कों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले व्यक्तियों तथा हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दून पुलिस ने ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर 24 और 25 अक्टूबर की मध्यरात्रि को चलाए गए इस अभियान में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट में औचक छापेमारी की।
पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में संचालित अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने संबंधित वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत सीज किया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 83 वाहन चालकों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए, जबकि 23 वाहनों को सीज किया गया।
देर रात घूम रहे 109 लोगों से पूछताछ
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे 109 व्यक्तियों और युवकों को पूछताछ के लिए संबंधित थानों में लाया गया। पुलिस ने इनसे पूछताछ करने के साथ ही सत्यापन की कार्रवाई भी की। इसके अतिरिक्त नियमों का उल्लंघन करने वाले 97 व्यक्तियों के पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए।
होटल, बार और पब पर भी पुलिस की नजर
एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से रात के समय अनावश्यक रूप से सड़कों पर घूमने वाले व्यक्तियों, हुड़दंग करने वालों और देर रात तक संचालित होने वाले बार व रेस्टोरेंट के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया है।
इसी क्रम में पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के साथ-साथ संदिग्धों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। देर रात तक चलाए जा रहे इन अभियानों का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।
अभियान में हुई कार्रवाई एक नजर में
– 17 व्यक्ति: शराब पीकर वाहन चलाने पर गिरफ्तार
– 109 व्यक्ति: पूछताछ और सत्यापन के लिए थाने लाए गए
– 83 वाहन चालक: मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान
– 23 वाहन: सीज
– 97 व्यक्ति: पुलिस एक्ट के तहत चालान
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
