देहरादून(आरएनएस)। राजपुर थाना पुलिस ने पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड के कुख्यात भू-माफिया विशाल कुमार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी ने एक वृद्ध एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करने के साथ-साथ राजपुर रोड पर एक बड़ी भूमि का सौदा करने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब लक्ष्मण चौक निवासी कमल जिंदल ने राजपुर थाने में तहरीर दी।
पीड़ित ने बताया कि विशाल कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजपुर रोड पर एक कीमती संपत्ति दिखाई और उसे बेचने के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से 6 करोड़ 75 लाख रुपये हड़प लिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो जमीन की रजिस्ट्री की और न ही पैसे वापस लौटाए। इससे पहले भी एक वृद्ध एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने के मामले में इस मास्टरमाइंड के खिलाफ राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज हो चुका है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। कोर्ट से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया।
पुलिस टीम ने सोमवार रात तपोवन रोड, आईटी पार्क चौक के पास से चेकिंग के दौरान विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। जिसके बाद उस पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की जा रही उसकी क्रेटा कार को भी सीज कर दिया है।
मूल रूप से शांति नगर, मुजफ्फरनगर का रहने वाला 46 वर्षीय विशाल कुमार एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के शामली, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और उत्तराखंड के देहरादून में धोखाधड़ी, लूट, जानलेवा हमला और गैंगस्टर एक्ट समेत 24 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पहले चर्चित रजिस्ट्री घपले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आते ही वह दोबारा वारदातों को अंजाम देने लगा। यूपी और उत्तराखंड को मिलाकर उस पर अब तक तीन बार गैंगस्टर एक्ट लग चुका है। उसकी आपराधिक आदतों को देखते हुए अब राजपुर थाने में चौथी बार उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पौने सात करोड़ की जमीन धोखाधड़ी में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
2
