ऋषिकेश(आरएनएस)। तीर्थनगरी ऋषिकेश की बेटी मीनाक्षी भाटिया ने यूकेपीएससी की परीक्षा-2024 के अंतिम परिणाम में सफलता हासिल की है। मीनाक्षी ने सामान्य वर्ग में पांचवीं रैंक प्राप्त की है और उनका चयन डिप्टी कलेक्टर पद पर हुआ है। ऋषिकेश निवासी मीनाक्षी भाटिया की सफलता का सफर संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायक कहानी है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपनी मां नीलम भाटिया, बहन शिल्पा भाटिया जोशी और बहनोई विनय जोशी को दिया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में उनके पिता का निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार पर आर्थिक संकट आ गया। ऐसे कठिन समय में उनकी मां ने परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए टिफिन सर्विस का काम शुरू किया। मीनाक्षी भी अपनी मां के साथ इस काम में हाथ बंटाती थीं और घरों तथा विभिन्न कार्यालयों में टिफिन पहुंचाने जाती थीं। इसी दौरान उन्हें कई सरकारी कार्यालयों में जाने का अवसर मिला। वहां उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं का समाधान करते और जनहित में कार्य करते देखा। अधिकारियों की कार्यशैली और समाज के प्रति उनकी भूमिका ने मीनाक्षी को गहराई से प्रभावित किया। तभी उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया। लक्ष्य निर्धारित करने के बाद मीनाक्षी ने पूरी लगन और अनुशासन के साथ तैयारी शुरू की। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन लगभग 10 घंटे पढ़ाई करती थीं। सोशल मीडिया और अन्य अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाकर उन्होंने अपना पूरा ध्यान अध्ययन पर केंद्रित रखा। उनकी मेहनत का परिणाम आज सबके सामने है। मीनाक्षी शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने 10वीं और 12वीं कक्षा में ऋषिकेश सिटी टॉपर बनने का गौरव भी हासित किया था। अब पीसीएस परीक्षा में पांचवीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
मीनाक्षी ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए वह समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहती हैं। कहा कि विशेष रूप से उन लोगों की मदद करना चाहती हैं जो आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उनकी यह सफलता आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है कि कठिन परिस्थितियां चाहे कितनी भी हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार मेहनत से किसी भी तक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
तीर्थनगरी की शताक्षी शर्मा बनी डीएसपी:
तीर्थनगरी की बेटी शताक्षी शर्मा ने उत्तराखंड पीसीएस-2024 में सफलता अर्जित की है। उनका चयन पुलिस उपाधीक्षक के पद पर हुआ है। ऋषिकेश निवासी शताक्षी शर्मा चौदहबीघा स्थित विक्रमशिला आईएएस कोचिंग संस्थान में लंबे समय से पीसीएस की तैयारी कर रही थीं। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग हरिद्वार की ओर से घोषित उत्तराखंड पीसीएस-2024 के अंतिम परिणाम में उनका चयन डीएसपी पद के लिए हुआ है। जिसको लेकर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। शताक्षी ने बताया कि उन्होंने अपनी प्राथमिक शिक्षा से लेकर 12वीं तक ऋषिकेश के श्री भरत मंदिर पब्लिक स्कूल से की थी। उसके बाद उन्होंने पंडित ललित मोहन शर्मा स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऋषिकेश से स्नातक की शिक्षा ग्रहण की।शताक्षी ने पीसीएस प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की तैयारी संस्थान के निदेशक शैलेश सेमवाल के कुशल मार्गदर्शन में रहकर पूरी की। शताक्षी के पिता दिनेश कुमार शर्मा ऋषिकेश में ही दुकान संचालक हैं। जबकि उनकी माता लीला शर्मा भरत मंदिर पब्लिक स्कूल में हिंदी और संस्कृत की शिक्षिका हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और अपने गुरुजनों को दिया है।
ऋषिकेश : तीर्थनगरी की बेटी मीनाक्षी बनी डिप्टी कलेक्टर और शताक्षी बनी डीएसपी
2
