अल्मोड़ा(आरएनएस)। जिले में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं के बीच फायर सर्विस की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर त्वरित कार्रवाई कर कई क्षेत्रों में आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से रिहायशी इलाकों और जंगलों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। मंगलवार रात करीब 11:40 बजे फायर स्टेशन अल्मोड़ा को सूचना मिली कि सीएमओ कार्यालय के सामने जंगल में आग लगी हुई है। मौके पर पहुंची फायर सर्विस यूनिट ने देखा कि आग तेजी से आवासीय घरों की ओर बढ़ रही है। फायर सर्विस और वन विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर डायल-112 और वन विभाग की टीम भी मौजूद रही। वहीं रानीखेत में केआरसी ट्रेनिंग सेंटर के पास जंगल में आग लगने की सूचना पर फायर स्टेशन रानीखेत की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैल रही थी, जिस पर फायर यूनिट ने एमएफई से दो होज फैलाकर बुझाने का कार्य शुरू किया। पानी समाप्त होने पर आर्मी के वाटर बाउजर से वाहन में पानी भरकर दोबारा पंपिंग की गई और आग को पूरी तरह नियंत्रित किया गया। बुधवार सुबह अल्मोड़ा के करबला क्षेत्र स्थित होटल मैनेजमेंट संस्थान के पास जंगल और पेड़ों में आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर एमएफई और होजरील की सहायता से आग बुझाई। वहीं बुधवार दोपहर उदयशंकर क्षेत्र स्थित निवेदिता होमस्टे के पास जंगल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से रिहायशी क्षेत्रों की ओर बढ़ रही थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में पहुंची टीम ने दो एमएफई से पंपिंग कर अलग-अलग स्थानों से आग बुझाने का अभियान चलाया और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर सर्विस अधिकारियों ने लोगों से जंगलों में आग से बचाव के प्रति सतर्क रहने और किसी भी स्थान पर आग लगने की सूचना तत्काल फायर स्टेशन या प्रशासन को देने की अपील की है।
अल्मोड़ा और रानीखेत में जंगल की आग पर फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई
1
