देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में पत्नी काजल की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति धीरज पंवार को हिरासत में ले लिया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आरोपी से पूछताछ भी की है। माना जा रहा है कि पुलिस गुरुवार को मामले का खुलासा कर सकती है।
सोमवार सुबह क्लेमेनटाउन क्षेत्र में आरोपी ने अपनी पत्नी काजल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की सूचना दी और इसके बाद फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में टीमें लगाई गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि दंपती के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतका सुभाषनगर स्थित सत्य साईं मंदिर के पास रह रही थी, जबकि उसका भाई भी घटनास्थल के आसपास ही रहता है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल के आधार पर उसकी लोकेशन खंगालनी शुरू की।
लगातार की जा रही तलाश के बाद बुधवार को पुलिस ने आरोपी धीरज पंवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे हत्या के कारण, वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस की ओर से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किए जाने की संभावना है।
