Hamarichoupal,09,06,2026
नैनीताल। भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमायूँ परिक्षेत्र का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि कुमायूँ परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, नशे के खिलाफ अभियान चलाना तथा जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को और सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया।
आईजी कुकरेती ने कहा कि आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस, पर्यटन सीजन और बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को देखते हुए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए पार्किंग, शटल सेवा, डायवर्जन प्लान और भीड़ नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
उन्होंने पुलिस बल के आधुनिकीकरण, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्मार्ट पुलिसिंग और पुलिस कर्मियों के कल्याण को भी प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही मीडिया को जनजागरूकता का महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आईजी निवेदिता कुकरेती कैंची धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने आगामी मेले और पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा प्रबंध, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की और आयोजन को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन तथा मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।
