देहरादून, 22 जून। उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्री हेमकुंड साहिब एवं चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान और यात्रा की सुचारु व्यवस्था उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में कर्णप्रयाग में 16 जून को सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद तथा मारपीट की घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजीव स्वरूप ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस मुख्यालय ने उनकी विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की है। घटना के बाद सिख श्रद्धालुओं के विरुद्ध थाना कर्णप्रयाग में एक मुकदमा दर्ज किया गया था, जबकि घायल सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ 20 जून को एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना कर्णप्रयाग में दर्ज दोनों मुकदमों की विवेचना चमोली से स्थानांतरित कर हरिद्वार जनपद को सौंप दी गई है। जांच की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर करेंगे, ताकि जांच पूरी तरह निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
इसके अलावा, विभिन्न सिख संगठनों द्वारा स्थानीय पुलिस के कथित व्यवहार को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच भी पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से ली है। इस संबंध में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) यशवंत सिंह चौहान को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
आईजी राजीव स्वरूप ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस सभी धर्मों और समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करती है तथा प्रत्येक मामले में कानून के अनुरूप निष्पक्ष और न्यायसंगत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी पवित्र यात्रा है, जिसके सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए पुलिस एवं प्रशासन समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हेमकुंड साहिब यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के धार्मिक प्रतीकों पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। गुरुद्वारों में संचालित संगत लंगर भी पूर्ववत जारी हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं और आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
कर्णप्रयाग प्रकरण की जांच हरिद्वार स्थानांतरित, डीआईजी करेंगे पुलिस आचरण की जांच
हेमकुंड साहिब व चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: पुलिस
1
