हमारी चौपाल
देहरादून/मुंबई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुंबई में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडवासियों के सम्मेलन में राज्य और देश-विदेश में बसे उत्तराखंड मूल के लोगों से संवाद करते हुए उन्हें उत्तराखंड के विकास का महत्वपूर्ण भागीदार बताया। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडवासी अपनी मेहनत, संस्कार और उपलब्धियों से देश-दुनिया में राज्य की पहचान मजबूत कर रहे हैं तथा वे उत्तराखंड के सबसे बड़े सांस्कृतिक दूत और ब्रांड एंबेसडर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रवासी उत्तराखंड परिषद का गठन कर प्रवासी समाज की विशेषज्ञता और अनुभव को विकास से जोड़ने का संस्थागत प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि अब तक 27 प्रवासियों ने 29 पैतृक गांव गोद लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी द्वारा अपने पैतृक गांव को गोद लेने की सराहना भी की।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड को नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स में पहला स्थान मिला है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में ‘अचीवर्स’ और स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर्स’ श्रेणी में स्थान प्राप्त हुआ है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से राज्य को 3.76 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, होम-स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और लखपति दीदी जैसी योजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून तथा भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति से पारदर्शी और जवाबदेह शासन सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने देश-विदेश में बसे प्रवासी उत्तराखंडवासियों से उत्तराखंड के विकास में ज्ञान, अनुभव, निवेश और नवाचार के माध्यम से निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया। सम्मेलन में प्रवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए राज्य के विकास में सक्रिय सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया।
