देहरादून(आरएनएस)। कुमाऊं परिक्षेत्र में ₹25 करोड़ से अधिक की संगठित भूमि एवं वित्तीय धोखाधड़ी का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस की पुनर्गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने मुख्य अभियुक्त धनंजय गिरी को गिरफ्तार कर लिया है।
वर्ष 2018 से अब तक इस मामले में 09 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें से 03 की जांच गहनता से जारी है। साथ ही 15-20 अन्य पीड़ितों की शिकायतें भी सामने आई हैं। पूर्व गठित SIT की निष्क्रियता पर आईजी कुमाऊं श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने उसे भंग कर दिया और नई SIT का गठन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति और एसपी क्राइम श्री जितेन्द्र चौधरी के निर्देशन में नई SIT ने 21 मई 2026 को धनंजय गिरी को गिरफ्तार किया। जांच में गिरोह द्वारा संगठित अपराध के तहत अवैध वित्तीय लाभ कमाने की पुष्टि हुई है।
धारा 111 बीएनएस के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है, वहीं धारा 107 BNSS के अंतर्गत अपराध से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू है। जिलाधिकारी नैनीताल को पत्राचार कर इन संपत्तियों के किसी भी अवैध हस्तांतरण या बिक्री पर रोक लगाई गई है।
जब्त की गई संपत्तियों को विधिक प्रक्रिया के बाद पीड़ितों के बीच आनुपातिक रूप से वितरित कर उनके नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और पीड़ितों को न्याय की नई उम्मीद मिली है।
