Hamarichoupal,23,06,2026
देहरादून, 23 जून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाते हुए तीन निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर प्रवर्तन टीम द्वारा की गई।
एमडीडीए की टीम ने लक्कड़घाट रोड स्थित श्रीराम रेजीडेंसी के निकट निर्मल बाग क्षेत्र में अंकित रावत द्वारा कराए जा रहे व्यावसायिक निर्माण का निरीक्षण किया। जांच में निर्माण कार्य बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के पाया गया, जिसके बाद भवन को सील कर दिया गया।
इसके अलावा निर्मल बाग ब्लॉक-बी, गली नंबर-10 में शशि कुमार गौड़ द्वारा किए जा रहे निर्माण को भी अनधिकृत पाए जाने पर सील किया गया। वहीं नागराजा मंदिर, गुमानीवाला क्षेत्र में साहाब सिंह रमोला द्वारा कराए जा रहे व्यावसायिक निर्माण पर भी कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण ने सीलिंग की कार्रवाई की।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र एवं विकास अनुमति के निर्माण कार्य करना उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973) का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में सीलिंग, ध्वस्तीकरण एवं अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत विकास गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से किसी भी निर्माण कार्य से पूर्व आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने की अपील की।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि नियमित निरीक्षण के दौरान तीन अवैध निर्माण चिन्हित किए गए, जिन पर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, प्रमोद मेहरा, राजेंद्र बहुगुणा, अवर अभियंताओं, एमडीडीए की प्रवर्तन टीम तथा पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुई।
