देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी के आवास पर पहुंचकर उन्हें लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सांसद के परिवारजनों को भी पर्व की बधाई देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह त्योहार हमारी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से मिली परंपराओं को सहेजने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इगास जैसे लोकपर्व सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम को मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की लोकसंस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे पर्वों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया में नई पहचान मिल रही है।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।
दिल्ली में सांसद अनिल बलूनी के आवास पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, दी इगास पर्व की शुभकामनाएं
इगास उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता का प्रतीक : धामी
7
