नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 में उत्तराखण्ड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
पवेलियन में उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय उत्पादों की झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर उत्पादों की जानकारी ली और स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों तथा उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पाद प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान होने के साथ-साथ रोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने का सशक्त मंच हैं। इससे प्रदेश के कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार तथा नए बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी दिशा में उत्तराखण्ड सरकार भी स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता और प्रभावी विपणन से जोड़कर बड़े बाजारों तक पहुंचाया जाएगा। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ेगी और युवाओं तथा महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापार मेले में उत्तराखण्ड की भागीदारी प्रदेश के उत्पादों को नई पहचान देने के साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
व्यापार मेले में उत्तराखण्ड की संस्कृति और उत्पादों का दिखा दम, सीएम धामी ने किया पवेलियन का शुभारंभ
वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ को बढ़ावा देने पर जोर, कारीगरों एवं उद्यमियों के उत्पादों की सराहना
1
