विकासनगर/देहरादून। तहसील विकासनगर के ग्राम पंचायत धर्मावाला में कथित अवैध प्लाटिंग और पर्यावरण से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां करीब 100 बीघा कृषि भूमि और नदी की जलमग्न भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग कर कंक्रीट का शहर बसाने की तैयारी की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि महज 20 फीट चौड़ी कच्ची सड़क के किनारे एमडीडीए से स्वीकृति मिलने का बोर्ड लगाकर लोगों को प्लॉट बेचे जाने की बात सामने आ रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नदी की ओर जाने वाले श्मशान मार्ग का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर प्लाटिंग की जा रही है। आरोप है कि कॉलोनी के लिए आवश्यक सड़क और अन्य मानकों को दरकिनार कर निर्माण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व में एमडीडीए अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए स्वीकृति संबंधी बोर्ड को फर्जी पाया था, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से प्लाटिंग का काम जारी है।
मामला केवल अवैध प्लाटिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। धर्मावाला क्षेत्र के आसपास स्थित आसन झील (रामसर स्थल) और उससे जुड़े प्राकृतिक जल स्रोतों पर अतिक्रमण के आरोप हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी क्षेत्र में सीमेंट के पाइप डालकर और भारी मात्रा में आरबीएम भरकर प्राकृतिक जल प्रवाह को प्रभावित किया जा रहा है। इससे शीतकाल में यहां पहुंचने वाले प्रवासी पक्षियों के प्राकृतिक आवास पर भी खतरा मंडरा रहा है।
यदि नदी की जलमग्न भूमि और कृषि भूमि पर इस तरह गतिविधियां जारी रहती हैं तो इसका असर क्षेत्र के प्राकृतिक जल स्रोतों, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन पर पड़ सकता है। साथ ही बिना वैध स्वीकृति के प्लॉट खरीदने वाले लोगों की जमा-पूंजी भी जोखिम में पड़ सकती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि पूर्व में कथित फर्जी एमडीडीए बोर्ड पकड़े जाने के बावजूद अवैध प्लाटिंग पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित विभागों ने भूमि के राजस्व अभिलेखों, नदी क्षेत्र की सीमाओं और कॉलोनी की स्वीकृति की दोबारा जांच की है? प्रशासन और एमडीडीए को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की आवश्यकता है।
अब देखना होगा कि प्रशासन और एमडीडीए इस मामले में कब तक कार्रवाई करते हैं और आसन झील से जुड़े प्राकृतिक जल स्रोतों एवं कृषि भूमि को कथित भू-माफिया के चंगुल से बचाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
धर्मावाला में भू-माफिया का खेल! कृषि और नदी की जमीन पर अवैध प्लाटिंग का आरोप
20 फीट की सड़क, 100 बीघा की प्लाटिंग! एमडीडीए की स्वीकृति पर बड़ा सवाल
0
