नवीकरणीय ऊर्जा, हरित प्रौद्योगिकी और सतत विकास के मुद्दों पर विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों के साथ किया संवाद
रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग की ओर से आयोजित ‘हाइब्रिड एनर्जी : संभावनाएं एवं भविष्य के आयाम’ विषयक पैनल चर्चा में डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने सहभागिता करते हुए नवीकरणीय ऊर्जा, स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण और भविष्य की तकनीकी संभावनाओं पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग और सतत विकास की दिशा में नवाचार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड के सतत विकास, नवाचार और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में उपस्थित आईआईटी के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ संवाद करते हुए डॉ. विद्यार्थी ने सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) पर अपने व्यावहारिक अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण में हरित प्रौद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका समझाते हुए नवाचार और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान उन्होंने स्कूली शिक्षा में तकनीकी कौशल के समावेश पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आज के तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य में बच्चों को स्कूल स्तर से ही कौशल और आधुनिक तकनीक से जोड़ना समय की मांग है। उन्होंने अपने विभिन्न देशों के अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा करते हुए बताया कि विकसित देशों की शिक्षा व्यवस्था में बच्चों को शुरुआती कक्षाओं से ही व्यावहारिक कौशल और आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे विद्यार्थी स्कूली शिक्षा पूरी करने तक भविष्य की रोजगार संभावनाओं और नवाचार के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो जाते हैं।
डॉ. विद्यार्थी ने कहा कि भारत में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह की व्यावहारिक और तकनीक आधारित सोच अपनाने की आवश्यकता है। इससे युवा पीढ़ी न केवल आत्मनिर्भर बनेगी, बल्कि वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में भी सक्षम होगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और हरित प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देना विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आईआईटी रुड़की में हाइब्रिड एनर्जी और स्वच्छ ऊर्जा के भविष्य पर मंथन, डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने रखे विचार
स्कूली शिक्षा से ही बच्चों को कौशल और आधुनिक तकनीक से जोड़ना समय की मांग : डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी
8
