सिंघनीवाला में पेड़ों की कटाई ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर खड़े किए सवाल, बढ़ती गर्मी के बीच हरियाली पर लगातार चल रही कुल्हाड़ी
विकासनगर। एक ओर प्रदेश में बढ़ते तापमान और गर्मी से राहत पाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की जा रही है, वहीं दूसरी ओर हरे-भरे पेड़ों पर खुलेआम आरा चलने के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला वन विभाग की मल्हान रेंज के अंतर्गत सिंघनीवाला क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां दिनदहाड़े सागौन के दो हरे-भरे पेड़ों को काट दिए जाने का आरोप है। मौके पर पेड़ों के कटे हुए ठूंठ इस बात की गवाही दे रहे हैं कि किस तरह वर्षों में तैयार हुई हरियाली को चंद घंटों में खत्म कर दिया गया।
हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र में पेड़ों की कटाई होने के बावजूद वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगने की बात सामने आ रही है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर वन विभाग की निगरानी व्यवस्था किस काम आ रही है? क्या संबंधित क्षेत्र में वनकर्मियों की नियमित गश्त नहीं होती या फिर पेड़ों की अवैध कटाई रोकने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था ही नहीं है?
गौरतलब है कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़ों की अहम भूमिका होती है। लगातार बढ़ता तापमान, घटती हरियाली और बिगड़ता पर्यावरण पहले ही चिंता का विषय बना हुआ है। ऐसे समय में सागौन जैसे कीमती और बड़े पेड़ों का कटना केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वन विभाग की जिम्मेदारी और कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
आखिर कब जागेगा वन विभाग?
सिंघनीवाला में दो पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद अब जरूरत है कि वन विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण करे, पेड़ों की कटाई के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करे और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि पेड़ों को काटने की अनुमति किसने दी और यदि अनुमति नहीं थी तो अब तक जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
एक तरफ सरकार हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान चलाती है, दूसरी तरफ यदि जिम्मेदार विभाग की नाक के नीचे हरे-भरे पेड़ों का कत्लेआम होता रहा तो इन अभियानों का आखिर क्या औचित्य रह जाएगा? पेड़ कटते रहे और जिम्मेदार खामोश रहे, तो आने वाली पीढ़ियों को हरियाली नहीं, सिर्फ बढ़ती गर्मी और प्रदूषण की विरासत मिलेगी।
