Anurag Gupta
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के गौरवशाली इतिहास में शनिवार का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। देहरादून स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस निशान’ से अलंकृत किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सम्मान को प्रदेश की पुलिस के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बताया।
समारोह के दौरान विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्तराखंड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का भी विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्रदेशवासियों की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस के उन वीर जवानों की मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी जनसेवा और प्रदेश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखंड पुलिस के 206 वीर जवानों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि इन जवानों का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान मिलना केवल पुलिस विभाग का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि प्रदेश पुलिस के प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और उन सभी परिवारों के समर्पण को सम्मानित करती है, जिन्होंने पुलिस सेवा में अपना योगदान दिया है।
