उत्तरकाशी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को उत्तरकाशी में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। साथ ही जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा उसे और अधिक सुदृढ़ करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दिलाया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत बनाने के साथ ही राष्ट्र की स्वतंत्रता और अखंडता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में युवा कल्याण विभाग एवं क्रीड़ा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन भी किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जोशियाड़ा हेलीपैड तक आयोजित इस दौड़ को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में पीआरडी स्वयंसेवकों और क्रीड़ा विभाग के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, आपसी भाईचारे और स्वस्थ जीवनशैली की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में आंशिक मराठा ने प्रथम, आंशिक चौहान ने द्वितीय तथा महक नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में जयराज प्रथम, नितिन द्वितीय और सुमित तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एचएस बिष्ट, डीईएसटीओ अतुल आनंद, जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
