देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित सभागार में उत्तराखण्ड पुलिस के नवीन ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आधारित सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाने के साथ उत्तराखण्ड पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नत हुईं शाहजहां जावेद खान और जगदीश चंद्र को प्रतीक चिह्न अलंकरण कर बधाई दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस की नई पहचान केवल ध्वज और वर्दी में बदलाव नहीं है, बल्कि यह पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को और मजबूत करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस के नए प्रतीक जहां गौरव का एहसास कराते हैं, वहीं जनता के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ाते हैं। पुलिस की वास्तविक पहचान उसके व्यवहार में संवेदनशीलता, कार्यप्रणाली में दक्षता और कार्रवाई में निष्पक्षता से बनेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार भी उत्तराखण्ड पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस, प्रशिक्षित और सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा और साहस का संदेश देता है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी और जवान को इन आदर्शों को अपने आचरण में उतारना होगा।
भ्रष्टाचार की शिकायतों पर होगी नियमित निगरानी
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक लाभ तभी आमजन तक पहुंचेगा, जब सरकारी संसाधनों का सही इस्तेमाल हो और लोगों को बिना परेशानी सरकारी सेवाएं मिलें। भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कार्रवाई के साथ उन व्यवस्थागत खामियों को भी दूर करना जरूरी है, जिनसे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने और किसी भी प्रकार की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर 1064 की भी नियमित समीक्षा की जाए। शिकायत करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात संवेदनशीलता से सुनी जाए और उसके कार्यों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
6 नवंबर को राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित होगी उत्तराखण्ड पुलिस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लिए यह गौरव का विषय है कि आगामी 6 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर से अलंकृत करेंगे। इस अवसर पर पुलिस के जवान नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखण्ड पुलिस अपनी नई पहचान के साथ जनसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के नए मानक स्थापित करेगी।
अशोक स्तंभ, हिमालय और नदी को प्रतीक चिह्न में मिली जगह
उत्तराखण्ड पुलिस के नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, सत्यमेव जयते, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। ये प्रतीक राष्ट्रीय गौरव, सत्य, न्याय, उत्कृष्टता और उत्तराखण्ड की भौगोलिक पहचान को दर्शाते हैं। पुराने तीन रंगों वाले क्षैतिज पुलिस ध्वज के स्थान पर अब गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नया ध्वज अपनाया गया है, जिसके मध्य में पुलिस का नया प्रतीक चिह्न और लाल एवं स्वर्णिम किनारे होंगे।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्दी पर लगाए जाने वाले फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया और क्रेस्ट को भी नए प्रतीक चिह्न के अनुरूप तैयार किया गया है। पारंपरिक खाकी वर्दी में बहुरंगी सेरेमोनियल सैश, अलंकरण और परेड से संबंधित विशेष साज-सज्जा को शामिल कर नया स्वरूप दिया गया है।
गौरतलब है कि उत्तराखण्ड पुलिस के ध्वज का अनावरण इससे पहले 4 अप्रैल 2008 को हुआ था। बदलती चुनौतियों और पुलिस बल की बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए नए गौरव चिह्न तैयार किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री ने 21 अक्टूबर 2026 को इनके नए स्वरूप को अनुमोदन प्रदान किया था।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, पी.वी.के. प्रसाद, अभिनव कुमार, डॉ. वी. मुरुगेशन, दिलीप जावलकर, आर. राजेश कुमार, पंकज पांडेय, पुलिस महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल सहित शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उत्तराखण्ड पुलिस को मिली नई पहचान, गौरव चिह्नों का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण
6 नवंबर को अमित शाह करेंगे पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित, भ्रष्टाचार की शिकायतों पर 1064 हेल्पलाइन की होगी नियमित समीक्षा
7
