देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग कर युवाओं को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित कर वहां मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने की घोषणा भी की। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी।
खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की घोषणा की। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक विजेता खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि बढ़ाई जाएगी। वहीं, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जनपद को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर दस लाख रुपये कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत 32 खेल आयोजित किए जा रहे हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इसमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार दिया। उन्होंने विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर मजबूत भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण का आधार है। उन्होंने युवाओं से खेल, योग और शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही नशामुक्त उत्तराखंड के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया दुःख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब : धामी
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अब 32 की जगह होंगे 50 खेल, मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 से बढ़ाकर 10 लाख रुपये
6
