देहरादून, 17 अक्टूबर। देहरादून में जिला योजना समिति (डीपीसी) सामान्य निर्वाचन-2026 की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। शुक्रवार को मतदान और मतगणना के बाद शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान तथा महापौर सौरभ थपलियाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को जीत के प्रमाण पत्र प्रदान किए और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जिला योजना समिति के चुनाव में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। जिला पंचायत के अंतर्गत सभी 10 प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों और नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, विकासनगर, हरबर्टपुर और सेलाकुई के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र की एक सीट पर भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
दूसरी ओर, नगर निगम ऋषिकेश की दो सीटों तथा नगर पालिका परिषद डोईवाला और मसूरी की एक-एक सीट पर मतदान के माध्यम से सदस्यों का निर्वाचन किया गया।
ये सदस्य हुए निर्वाचित
नगर निगम देहरादून की 15 सीटों पर रविन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह कठैत, नंदिनी शर्मा, संतोख सिंग नागपाल, वैभव अग्रवाल, सतीश कश्यप, विमल चन्द उनियाल, कपिल धर, आलोक कुमार, संजीत कुमार बंसल, पूजा नेगी, अमिता सिंह, मीनाक्षी मौर्या, प्रवीन सिंह नेगी और अशोक डोबरियाल निर्विरोध निर्वाचित हुए।
जिला पंचायत क्षेत्र की 10 सीटों पर अमिता राज, खुशबू गुरुंग, गोविन्द सिंह, दीवान सिंह, पिंकी रोहिला, रश्मि देवी, विजयलक्ष्मी, विनिता रतूड़ी, संजय किशोर और हुकम चन्द्र निर्विरोध चुने गए। विकासनगर, सेलाकुई और हरबर्टपुर के संयुक्त क्षेत्र से एल. शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए।
मतदान के बाद ऋषिकेश से राजेन्द्र सिंह बिष्ट और संध्या बिष्ट, डोईवाला से रियायत अली तथा मसूरी से पवन भलवाल ने जीत दर्ज की।
संतुलित विकास में जिला योजना समिति की अहम भूमिका
प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद के संतुलित और समग्र विकास में जिला योजना समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों से जनसमस्याओं के समाधान, विकास की प्राथमिकताएं तय करने और दूरगामी योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन होने पर सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी जनप्रतिनिधि बिना भेदभाव के नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए मिलकर काम करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला योजना समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों को मिले प्रमाण पत्र, विकास कार्यों में तेजी लाने का आह्वान
देहरादून में डीपीसी चुनाव संपन्न, जिला पंचायत और नगर निगम की सभी सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन
10
