देहरादून। उत्तराखंड की हसीन वादियां, मनोरम पर्वतीय दृश्य और प्राकृतिक सौंदर्य अब बॉलीवुड के बड़े सितारों और फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। देवभूमि में इन दिनों बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग चल रही है। अभिनेता अक्षय कुमार मसूरी और लैंढौर क्षेत्र में, जबकि अभिनेत्री जाह्नवी कपूर नैनीताल में शूटिंग कर रही हैं। बड़े फिल्मी सितारों की मौजूदगी से उत्तराखंड की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत होने के साथ ही पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण फिल्म निर्माण के लिए अपार संभावनाएं रखता है। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थलों में स्थापित करना है। इसके लिए फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने और स्थानीय कलाकारों को अवसर देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म शूटिंग केवल प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया में पहचान दिलाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल कारोबारियों, परिवहन संचालकों और अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। सरकार फिल्म पर्यटन को प्रदेश की अर्थव्यवस्था से जोड़कर स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
फिल्म नीति-2024 से आसान होगी शूटिंग की राह
राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। सरकार सिंगल विंडो क्लियरेंस व्यवस्था के माध्यम से शूटिंग संबंधी अनुमतियों को सरल और समयबद्ध बनाने पर जोर दे रही है। निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत सात दिनों में शूटिंग की अनुमति उपलब्ध कराने की व्यवस्था फिल्म निर्माताओं के लिए सुविधाजनक मानी जा रही है।
इस नीति का उद्देश्य प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराना और उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाना है। फिल्म यूनिटों के पहुंचने से होटल, परिवहन, खान-पान और अन्य स्थानीय व्यवसायों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
पर्दे पर दिखेगी देवभूमि की खूबसूरती, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मसूरी, लैंढौर और नैनीताल जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर फिल्मों की शूटिंग से इन क्षेत्रों की खूबसूरती देशभर के दर्शकों तक पहुंच सकती है। फिल्मों में नजर आने वाले प्राकृतिक नजारे भविष्य में पर्यटकों को इन स्थानों की ओर आकर्षित करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इससे स्थानीय कारोबारियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत है। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से प्रदेश को फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की मुहिम को मजबूती मिल रही है। अब चुनौती इस बढ़ती पहचान को स्थायी अवसरों, स्थानीय रोजगार और पर्यटन के विस्तार में बदलने की है।
अक्षय कुमार से जाह्नवी कपूर तक, बॉलीवुड की पसंद बना उत्तराखंड
मसूरी, लैंढौर और नैनीताल में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से देवभूमि को मिलेगी नई पहचान
7
