रुद्रप्रयाग। स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई ऊंचाई देते हुए देहरादून के झाझरा स्थित डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अस्पताल की ओर से विश्व के सबसे ऊंचे शिव मंदिर के रूप में प्रसिद्ध तृतीय केदार श्री तुंगनाथ धाम, जनपद रुद्रप्रयाग में दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। 
दो दिवसीय आयोजित इस विशेष शिविर में स्थानीय ग्रामीणों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा पर्वतीय क्षेत्र में आने वाले लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श, दवाइयां, ईसीजी, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर का नेतृत्व अस्पताल के प्रचार-प्रसार प्रमुख डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर ने किया।
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और ऊंचाई वाले क्षेत्र में आयोजित यह शिविर सुभारती अस्पताल की सेवा भावना और चिकित्सा पहुंच के विस्तार का महत्वपूर्ण उदाहरण बना तथा ऐसा करने वाला सुभारती पहला मेडिकल कॉलेज बन गया ।
शिविर की सबसे विशेष उपलब्धि रही कि चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉ. सृष्टि वर्मा द्वारा लोगों को बेसिक लाइफ सपोर्ट एवं कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन यानी बुनियादी जीवन रक्षक सहायता का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य श्री तुंगनाथ धाम जैसे दुर्गम क्षेत्र में आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए आवश्यक प्राथमिक कदम उठाने हेतु सक्षम बनाना रहा।
चिकित्सा दल में लेडी मेडिकल ऑफिसर डॉ. समृद्धि शर्मा तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमृत राज भी शामिल रहे। शिविर को सफल बनाने में फार्मसिस्ट श्री दीपक कुमार, अस्पताल एग्जीक्यूटिव श्री सन्नी धीमान, श्री धरमपाल वर्मा, श्री अक्षित बहुगुणा, श्री गोल्डी एवं श्री सौरभ सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर ने कहा कि सुभारती अस्पताल का उद्देश्य केवल अस्पताल परिसर तक स्वास्थ्य सेवाओं को सीमित रखना नहीं, बल्कि दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और दूरस्थ ग्रामीण समुदायों तक चिकित्सा एवं जीवनरक्षक सेवाओं को पहुंचाना है। तुंगनाथ धाम में आयोजित यह शिविर इसी संकल्प की दिशा में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक पहल है। श्री तुंगनाथ धाम के मुख्य वेद पाठी श्री अभिषेक मैठाणी ने इस समन्वित प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जब स्वास्थ्य सेवाएं हिमालय की ऊंचाइयों तक पहुंचती हैं, तब सेवा का संकल्प एक नए कीर्तिमान में बदल जाता है। मंदिर समिति के समस्त सदस्यों ने सुभारती अस्पताल की पूरी टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया ।
सुभारती अस्पताल ने स्थापित किया नया कीर्तिमान विश्व के सबसे ऊंचे शिव मंदिर तुंगनाथ धाम में लगाया स्वास्थ्य
शिविर, श्रद्धालुओं को दी बुनियादी जीवन रक्षक सहायता की ट्रेनिंग। ऐसे सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्र में इस तरह का शिविर लगाने वाला सुभारती बना पहला मेडिकल कॉलेज दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में चिकित्सा सेवा और जीवनरक्षक प्रशिक्षण का अनूठा संगम
1
