हमारी चौपाल
देहरादून, 4 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम दौर की ओर अग्रसर है और प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल तथा आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। साथ ही उत्तराखंड को खेल, पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वेडिंग डेस्टिनेशन और पर्यटन की चर्चा होते ही सबसे पहले मसूरी का नाम आता है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है तथा मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से कई गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क का सीआरएफ योजना के तहत सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के दोनों किनारों तथा न्यू कैंट रोड क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य भी तेजी से चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग झूठ और अफवाहों के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार विकास कार्यों और जनहित के फैसलों के आधार पर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है। समान नागरिक संहिता, दंगा क्षति वसूली कानून और नकल विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से प्रदेश में सुशासन को मजबूती मिली है। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलें युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी आई है तथा नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर, लक्ष्मण सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
