हमारी चौपाल
देहरादून, 29 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दूसरे चरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिस, उनकी सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, उन्हें समय पर नोटिस उपलब्ध कराया जाए तथा सुनवाई के लिए पर्याप्त अवसर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को विधानसभा क्षेत्रों का नियमित फील्ड निरीक्षण कर अभियान की निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि ईआरओ और एईआरओ की सहायता के लिए शिक्षा, राजस्व, तहसील सहित संबंधित विभागों से नोडल अधिकारी नामित किए जाएं, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जा सके।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सभी जनपदों में शत-प्रतिशत नोटिस प्रिंट कर ईआरओ और बीएलओ स्तर तक पहुंचा दिए गए हैं तथा नोटिसों की सुनवाई की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।
