हमारी चौपाल
स्टोन क्रशरों की मनमानी से खतरे में शक्ति नहर का पुल, हादसे का इंतजार?
देहरादून/विकासनगर। विकासनगर क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रशरों से निकाली जा रही खनन सामग्री को ओवरलोड डंपरों के माध्यम से शक्ति नहर के क्षतिग्रस्त पुल से होकर लगातार देहरादून भेजा जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस पुल की रेट्रोफिटिंग की अवधि भी समाप्त हो चुकी है, उसी पर दिन-रात भारी वाहनों का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे पुल की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं लगी तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन आंखें मूंदे बैठे हैं। लोगों का आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर स्टोन क्रशर संचालकों को खुली छूट दी जा रही है, जबकि आम जनता की जान जोखिम में डाली जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने, ओवरलोड डंपरों की आवाजाही पर रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते ठोस कदम उठाए।
