हमारी चौपाल
देहरादून/विकासनगर। विकासनगर तहसील की ग्राम पंचायत ढकरानी में संचालित स्टोन क्रशरों को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि आसन वेटलैंड के प्रतिबंधित क्षेत्र में राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के नियमों की अनदेखी करते हुए स्टोन क्रशर संचालित किए जा रहे हैं। आरोप है कि यमुना नदी से बड़े पैमाने पर खनन सामग्री लाकर दिन-रात उसकी क्रशिंग की जा रही है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, स्टोन क्रशरों से निकली सामग्री ओवरलोड डंपरों के माध्यम से शक्ति नहर के क्षतिग्रस्त पुल से होकर देहरादून भेजी जा रही है। उनका कहना है कि पुल की रेट्रोफिटिंग अवधि भी समाप्त हो चुकी है और लगातार भारी वाहनों के दबाव से पुल की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि क्रशरों से निकलने वाला दूषित पानी खेतों और आसपास के जल स्रोतों में पहुंच रहा है, जिससे फसलें और जलीय जीव प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा, क्षेत्र की सड़कों पर बिना नंबर प्लेट अथवा ओवरलोड वाहनों के संचालन से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
शिकायतकर्ताओं ने जिला प्रशासन और खनन विभाग पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
