देहरादून। उत्तराखंड में पहली बार आयोजित “मैंगो फेस्ट” में 150 महिलाओं ने एक साथ पारंपरिक विधि से आम के अचार की मिक्सिंग कर अनूठा रिकॉर्ड अटेंप्ट सफलतापूर्वक पूरा किया। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय खान-पान, पारंपरिक व्यंजनों और घरेलू अचार बनाने की सदियों पुरानी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।
तेजस्विनी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं सोलफिट वैलनेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर भारतीय संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की। आयोजन में रोटरी क्लब देहरादून सेंट्रल, दीप्स किचन तथा गोल्डी ग्रुप सहित कई संस्थाओं का सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पारंपरिक थाली कुकिंग प्रतियोगिता में 25 महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार पारंपरिक व्यंजनों की आकर्षक प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि हयात रीजेंसी के हेड शेफ शेफ सौगातो ने प्रतिभागियों की पाक-कला की सराहना करते हुए कहा कि “मां के हाथों के भोजन का स्वाद दुनिया के किसी भी बड़े होटल या रेस्तरां से बढ़कर होता है। भारतीय रसोई की यह विरासत हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
प्रतियोगिता का मूल्यांकन रोटेरियन एडवोकेट अंजना साहनी, शेफ लता कपूर, अमित मनोचा एवं पारुल अग्रवाल ने किया। अति विशिष्ट अतिथि रचना पांधी ने भी आयोजन की सराहना करते हुए पारंपरिक खान-पान की संस्कृति को संरक्षित रखने पर बल दिया।
इस अवसर पर दीप्स किचन की दीपा चावला की पुस्तक “मां की बरनी” का लोकार्पण भी किया गया। पुस्तक में पारंपरिक भारतीय अचारों की विभिन्न रेसिपी और उनसे जुड़ी सांस्कृतिक विरासत को संकलित किया गया है।
सोलफिट वैलनेस की संस्थापक रूपा शर्मा ने कहा कि मैंगो फेस्ट केवल रिकॉर्ड बनाने का प्रयास नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और पारंपरिक रसोई की विरासत को संजोने का अभियान है। वहीं तेजस्विनी चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष प्रिया गुलाटी ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य अचार बनाने की परंपरा और उससे जुड़ी भावनात्मक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, सामाजिक संगठनों, उद्यमियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। डिजिटल पार्टनर फूजी मीडिया, वाओ डेकोरेटिव्स, मर्तबान, खास हमारे पास तुम्हारे, एलएनएस ग्रुप सहित कई संस्थाओं ने आयोजन में सहयोग किया। भारतीय संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और पारंपरिक खान-पान की समृद्ध विरासत को समर्पित यह आयोजन प्रतिभागियों के लिए यादगार बन गया।
150 महिलाओं ने रचा इतिहास: मैंगो पिकल मिक्सिंग का रिकॉर्ड, भारतीय परंपरा को मिला नया सम्मान
मैंगो फेस्ट में 150 महिलाओं ने एक साथ बनाया आम का अचार, 'मां की बरनी' पुस्तक का भी हुआ लोकार्पण
46
