हमारी चौपाल
अनुराग गुप्ता
देहरादून, 23 जुलाई। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के आरोप में दून पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल के माध्यम से छात्रों के साथ ऐसे प्रश्न साझा किए थे, जिनका बाद में वास्तविक प्रश्नपत्र से काफी मेल पाया गया, अपराधी को पूछताछ के लिए शिवालिक इंजीनियरिंग कलेज ले जाते हुए पुलिस
कोतवाली प्रेमनगर में यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। विश्वविद्यालय को प्राप्त ई-मेल और आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट में भी परीक्षा से पूर्व प्रश्न साझा किए जाने की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जांच के लिए कब्जे में लिया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली प्रेमनगर में बीएनएस की धाराओं 316, 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
