हमारी चौपाल
देहरादून। मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के माध्यम से अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश देते हुए कहा कि कंट्रोल रूम से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए और किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला ने जिलाधिकारी के साथ मानसून के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति, कंट्रोल रूम की सक्रियता, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा संसाधनों की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं।
