Hamarichoupal,25,06,2026
देहरादून, 26 जून। भाजपा नेत्री डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने मसूरी विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश करते हुए कहा कि आज़ादी के बाद से अब तक मसूरी विधानसभा को एक भी महिला विधायक नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिले और क्षेत्र को नई सोच एवं नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाए।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने कहा कि वह लंबे समय से जनसेवा, महिला सशक्तिकरण और क्षेत्रीय विकास के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व और जनता उन्हें सेवा का अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा की जनता विकास, पारदर्शिता और संवेदनशील नेतृत्व की अपेक्षा रखती है। यदि उन्हें पार्टी का विश्वास और जनता का समर्थन मिलता है तो वह क्षेत्र के समग्र विकास, महिलाओं, युवाओं और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी।
डॉ. बौड़ाई ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उनके अनुसार, मसूरी विधानसभा से पहली महिला विधायक चुने जाने का अवसर क्षेत्र के राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की विकास योजनाओं, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्याओं का समाधान करना और विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है तथा जनता का विश्वास ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। अंत में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से सहयोग और आशीर्वाद की अपील की।
