Hamarichoupal,22,06,2026
देहरादून, 22 जून। जनपद में विकास कार्यों को गति देने और आम जनता की सुविधा बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने परियोजना समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के भूमिगत कार्यों की समीक्षा की। बैठक में 14 विभागों और एजेंसियों के प्रस्तावों पर विचार करते हुए कुछ आवश्यक कार्यों को रात्रि 10 बजे से सुबह 5 बजे तक सशर्त अनुमति दी गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ईसी रोड स्थित होटल रिजेंट के पास सीवर चैंबर निर्माण के दो-तीन दिन के कार्य को छह माह तक लंबित रखने पर संबंधित सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई।
डीएम ने निर्देश दिए कि अनुमति मिलने के बाद निर्धारित समय में कार्य पूरा न करने वाली एजेंसियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस, आरसी और भारी आर्थिक दंड की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सुधारीकृत सड़कों पर खुदाई की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर मुकदमा दर्ज करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
बैठक में विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए अधिकारियों का व्हाट्सएप समूह बनाने तथा कार्यस्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और साइनबोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
