देहरादून: 13 जून। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश की प्रगति, सुशासन और विकास को समर्पित रहे हैं। यह कालखंड आत्मविश्वास से भरे, सुरक्षित और विश्व मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के उत्तराखंड से विशेष लगाव के कारण राज्य को लाखों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लाभ मिला है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने विकास को धरातल पर उतारने का कार्य किया है। गरीब कल्याण, डिजिटल क्रांति, आधारभूत ढांचे के विस्तार, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जन-धन योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं संचालित हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास, चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा तथा रोपवे परियोजनाएं राज्य के विकास को नई गति दे रही हैं। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना और लखपति दीदी अभियान से सीमांत क्षेत्रों और महिलाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन आया है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद Mahendra Bhatt ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है तथा उत्तराखंड भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों पर आधारित वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मोदी के 12 वर्ष देश के स्वर्णिम विकास कालखंड : धामी
7
