Hamarichoupal,12,06,2026
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की पहल पर जनपद में गंभीर एवं जन्मजात बीमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें समय पर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना है, जिनके परिवार आर्थिक रूप से इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं।
जिलाधिकारी ने छह वर्ष तक के बच्चों के चिन्हीकरण की जिम्मेदारी बाल विकास विभाग तथा छह से अठारह वर्ष तक के बच्चों की पहचान का दायित्व शिक्षा विभाग को सौंपा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी बच्चा उपचार से वंचित न रहे।
चिन्हित बच्चों का उपचार भारत सरकार के राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क कराया जाएगा। जिन बीमारियों का उपचार इस योजना के तहत संभव नहीं होगा, उनके लिए अन्य वित्तीय संसाधनों एवं राहत कोष की सहायता ली जाएगी।
बाल विकास विभाग द्वारा अब तक छह वर्ष तक की आयु के 12 गंभीर रूप से बीमार बच्चों की पहचान की जा चुकी है तथा उनके उपचार की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से व्यापक सर्वेक्षण चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि उनके संज्ञान में कोई गंभीर या जन्मजात बीमारी से ग्रसित बच्चा है, तो उसकी जानकारी संबंधित विभाग को दें, जिससे उसे समय पर उपचार और आवश्यक सहायता मिल सके।
