Hamarichoupal,08,06,2026
विकासनगर/सहसपुर। पछवादून क्षेत्र के सहसपुर स्थित शराब ठेकों पर निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने और शिकायत करने पर ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने के आरोप सामने आए हैं। इस मामले ने उपभोक्ता अधिकारों के साथ-साथ आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे सहसपुर स्थित अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकानों पर खरीदारी के दौरान कथित तौर पर ओवररेटिंग का मामला सामने आया। उपभोक्ताओं के अनुसार अंग्रेजी शराब की दुकान से खरीदे गए मैकडॉवेल्स के एक क्वार्टर पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) 175 रुपये था, जबकि ग्राहक से 180 रुपये वसूले गए। भुगतान डिजिटल माध्यम से किया गया, जिसमें प्राप्तकर्ता खाते का नाम ‘ENGLISH WINE SHOP’ प्रदर्शित हुआ।
इसी दौरान पास स्थित बीयर शॉप पर किंगफिशर बीयर की कीमत पूछने पर कथित रूप से 210 रुपये बताए गए। भुगतान के लिए उपलब्ध कराए गए क्यूआर कोड को स्कैन करने पर राशि प्राप्तकर्ता के रूप में एक निजी नाम प्रदर्शित होने का भी दावा किया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के कुछ शराब ठेकों पर लंबे समय से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। उनका कहना है कि अतिरिक्त राशि वसूले जाने का विरोध करने या बिल मांगने पर कई बार ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि शराब की बोतलों और बीयर कैनों पर अधिकतम खुदरा मूल्य स्पष्ट रूप से अंकित होता है, ऐसे में उससे अधिक राशि वसूलना नियमों के विपरीत है। उन्होंने आबकारी विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेका संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोगों ने शराब की दुकानों पर डिजिटल भुगतान के लिए लगाए गए स्कैनरों और भुगतान प्राप्त करने वाले खातों की भी जांच कराने की मांग की है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उपभोक्ताओं से प्राप्त राशि अधिकृत खातों में ही जमा हो रही है।
फिलहाल इस संबंध में संबंधित ठेका प्रबंधन अथवा आबकारी विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। विभागीय जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो इसे उपभोक्ता अधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला माना जाएगा।
