रुद्रपुर(आरएनएस)। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि 4 जून को अल्मोड़ा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की जनसभा को लेकर कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक हजारों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें जबरदस्त उत्साह था। कहा कि अल्मोड़ा की भावनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरे समर्पण के साथ इस अभियान को जन-जन तक ले जाएं। पूर्व मुख्यमंत्री रावत शनिवार को रुद्रपुर सिटी क्लब में प्रेसवार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अल्मोड़ा की जनसभा को लेकर जनता में उत्साह और कांग्रेस के प्रति समर्थन देखने को मिला, उसको देखकर लगता है कि आने वाला समय कांग्रेस का है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पूर्व सैनिकों के लिए कई योजनाएं चलाई थीं। अग्निवीर योजना से पूर्व और वर्तमान सैनिक संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार आती है तो अग्निवीर योजना को समाप्त कर दिया जाएगा। कहा कि वर्तमान समय में पैरामिलिट्री फोर्स का दायित्व बढ़ गया है, लेकिन उनकी सुविधाएं कम कर दी गई हैं। इसके लिए कल्याण कोष बनाया जाना चाहिए। कहा कि कांग्रेस सरकार में नजूल नीति लागू की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे खत्म कर दिया। किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। कहा कि भाजपा सरकार सत्ता में आने के बाद अपने वादे भूल गई। कांग्रेस ने तराई और भाबर क्षेत्र के लोगों को जमीनों पर मालिकाना हक देने का निर्णय लिया था। कहा कि गांधीग्राम और नेहरू गांव जैसे क्षेत्रों के मुद्दों को कांग्रेस प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस लें।
किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान हरीश रावत ने नजूल भूमि को लेकर फ्री होल्ड की नीति लागू की थी, जिसमें अलग-अलग वर्गीकरण किया गया था। भाजपा सरकार ने इस नीति को पलट दिया। नाममात्र के पट्टे बांटकर भाजपा सरकार झूठी वाहवाही लूट रही है। अतिक्रमण के नाम पर जनता को उजाड़ा जा रहा है, जिसे अब जनता भली-भांति समझ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना में भी गड़बड़ी की जा रही है और वास्तविक स्थिति छिपाई जा रही है। कच्चे मकानों को पक्का और शौचालयों की स्थिति को गलत तरीके से दर्शाया जा रहा है।
ये रहे मौजूद: पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी, मोहन खेड़ा, संजय जुनेजा, परिमल राय, हरीश बावरा, अलका पाल, जितेंद्र सरस्वती, डॉ.अजय सिंह, साजिद खान, विक्रमजीत सिंह, मोनिका ढाली, आसित बाला, मोहन कुमार, ममता हाल्दार, किशोर कुमार, ललित बिष्ट, चंदन नयाल, त्रिनाथ विश्वास, सतीश राजपूत, बाबू विश्वकर्मा, फरमान सिद्दीकी, उमर अली, सोहेल खान, राजेंद्र मिश्रा, विजय पुजारा, कमल चुघ, सुरेंद्र सिंह सरजू समेत तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।
अल्मोड़ा की भावनाओं को गांव-गांव पहुंचाएं कार्यकर्ता : रावत
2
