Hamarichoupal,06,05,2026
देहरादून, 06 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की सटीक रणनीति और त्वरित कार्रवाई के तहत दून पुलिस ने डोईवाला क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी में शामिल मामा-भांजे की जोड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी और नकदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को रेशम माजरी, पाल मोहल्ला निवासी मोनिका गोस्वामी ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने परिवार के साथ बद्रीनाथ धाम यात्रा पर गई थीं। घर लौटने पर उन्होंने पाया कि अलमारी में रखी ज्वैलरी और नकदी चोरी हो चुकी है। शिकायत के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान 6 जून को फतेहपुर टांडा क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वादिनी के पुत्र चिराग बोरा और भाई अमित सिंह नेगी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि अमित सिंह नेगी नशे का आदी है, जबकि चिराग बोरा ऑनलाइन गेमिंग और गैम्बलिंग की लत से ग्रस्त है। दोनों ने अपनी इन आदतों को पूरा करने के लिए चोरी की साजिश रची। परिवार के अन्य सदस्य बद्रीनाथ धाम यात्रा पर गए थे, जबकि दोनों बहाना बनाकर घर पर ही रुक गए और रात के समय घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली।
आरोपियों ने चोरी की गई नकदी को आपस में बांटकर नशे और ऑनलाइन गैम्बलिंग में खर्च कर दिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी चोरी की ज्वैलरी बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
अमित सिंह नेगी (37 वर्ष), निवासी पाल मोहल्ला, रेशम माजरी, डोईवाला, देहरादून
चिराग बोरा (18 वर्ष), निवासी पाल मोहल्ला, रेशम माजरी, डोईवाला, देहरादून
बरामदगी
चोरी की गई सोने-चांदी की ज्वैलरी
2,500 रुपये नकद
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक आदित्य सैनी (चौकी प्रभारी लालतप्पड़), अपर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल विकास फोर तथा कांस्टेबल गोनी पुरी ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
