Hamarichoupal,05,05,2026
ऋषिकेश, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर योग नगरी रेलवे स्टेशन परिसर में रेल विकास निगम, लोक पर्यावरण शिक्षा संस्थान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “गौरा देवी वट वाटिका” का शुभारंभ किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृहद स्तर पर पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना से संबद्ध विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच प्राकृतिक संरक्षण से जुड़े पांच प्रमुख विषयों— जल प्रबंधन, कचरा प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण तथा संस्कृति एवं धरोहर संरक्षण — पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने अपने चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ रेल विकास निगम के उपमहाप्रबंधक ओ.पी. मालगुड़ी एवं विजय डंगवाल ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिला वन अधिकारी मोहन कुमार बहुखंडी तथा पर्यावरणविद् श्यामलाल भाई ने कहा कि गौरा देवी वट वाटिका में कुल 400 वट एवं पीपल के पौधों का रोपण किया जाएगा। प्रथम चरण में स्वयंसेवियों द्वारा 50 वट एवं पीपल के पौधों का रोपण कर सघन वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई।
वक्ताओं ने कहा कि वट और पीपल जैसे वृक्ष पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा स्वच्छ वायु के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र, हरिचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कॉलेज ऋषिकेश, नेशनल चिल्ड्रन एकेडमी, पीजी कॉलेज ऋषिकेश तथा महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवियों ने सक्रिय सहभागिता की।
इस अवसर पर नगर समन्वयक मनोज कुमार गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अमिता अरोड़ा, चिराग गुप्ता, अंकुर, शगुन, अमन, गौरी शर्मा सहित लगभग 50 स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा भावी पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। गौरा देवी वट वाटिका के माध्यम से क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।
