Hamarichoupal,05,05,2026
देहरादून, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देहरादून पुलिस द्वारा पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलित रहता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण भी सुनिश्चित होता है।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से दून पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
