Hamarichoupal,27,05,2026
देहरादून। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश लेकर तेजस्विनी चैरिटेबल ट्रस्ट की “झांसी ऑन व्हील्स 2.0 – वूमेन बाइक रैली सीज़न 2” का मंगलवार को पैसिफिक मॉल से भव्य आयोजन हुआ। यह रैली ट्रस्ट के 5 वर्ष पूर्ण होने और फाउंडर्स डे के उपलक्ष्य में निकाली गई।
रैली को कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, समाजसेवी मोंटी कोहली, पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद, रजत शक्ति और देविका सिंह तिवारी ने फ्लैग ऑफ किया। आयोजन का नेतृत्व ट्रस्ट की संस्थापक प्रिया गुलाटी ने किया।
रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने हिस्सा लिया। हाथों में संदेश लिखे बैनर लेकर निकली महिलाओं ने बाइक के जरिए आत्मनिर्भरता और नारी शक्ति का संदेश दिया।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना मजबूत समाज की पहचान है। झांसी ऑन व्हील्स जैसी पहल महिलाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ा रही है।
समाजसेवी मोंटी कोहली ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पहचान बना रही हैं और ऐसे आयोजन नई ऊर्जा देते हैं। पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने इसे महिलाओं के साहस और शक्ति का प्रतीक बताया।
आयोजक प्रिया गुलाटी ने कहा कि ट्रस्ट पिछले 5 वर्षों से महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए काम कर रहा है। रैली का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह भी हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित ड्राइविंग और महिला सम्मान का संकल्प दिलाया गया।
