Hamarichoupal,2305,2026
कोटद्वार।* उत्तराखंड एसटीएफ ने 24 घंटे में नकली दवा माफिया पर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटद्वार के सिडकुल सिगड्डी क्षेत्र में चल रही अवैध दवा फैक्ट्री को सीज कर दिया। फैक्ट्री में बिना लाइसेंस के नकली दवाएं बनाई जा रही थीं। एसटीएफ ने मौके से 3 किलो टैबलेट और दवा बनाने में इस्तेमाल होने वाले 34 पंच उपकरण बरामद किए हैं।
एसटीएफ एसएसपी के अनुसार, मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत नकली दवा कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इनपुट पर एसटीएफ ने ड्रग विभाग, राजस्व टीम के साथ मैसर्स नैक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स, सिडकुल सिगड्डी में छापा मारा। जांच में सामने आया कि इस फर्म का औषधि निर्माण लाइसेंस 2024 में ही निरस्त हो चुका था, फिर भी यहां मशीनें लगाकर दवाएं बनाई जा रही थीं।
*कोरोना काल में भी रहा दागदार इतिहास*
जांच में खुलासा हुआ कि इसी फैक्ट्री पर वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान नकली रेमडेसिविर बनाने के आरोप लगे थे। इसके अलावा 2024 में तेलंगाना पुलिस ने भी यहां छापा मारकर नकली दवाओं के रैपर और भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद की थीं।
फैक्ट्री स्वामी विशद कुमार पुत्र भीम सिंह, निवासी चांदपुर, बिजनौर, यूपी का बताया गया है। फैक्ट्री परिसर को सील कर बरामद सामग्री कब्जे में ले ली गई है। औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।
*STF की अपील: अधिकृत दुकान से ही लें दवा*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि अवैध दवा निर्माण या नकली दवाओं के कारोबार की सूचना तुरंत एसटीएफ को 9412029536 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि दवाएं केवल लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर से ही खरीदें। मानव जीवन से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में एसटीएफ से निरीक्षक यादविंदर सिंह बजवा, एसआई दीपक मेठाणी समेत टीम और ड्रग विभाग से वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, औषधि निरीक्षक सीमा बिष्ट, नायब तहसीलदार राजेन्द्र सेमवाल, राजस्व निरीक्षक आशीष कैमनी शामिल रहे।
