Hamarichoupal,23,05,2026
श्रीनगर, 23 मई। प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को श्रीनगर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में स्विफ्ट स्कूल के तहत आधुनिक पर्सनलाइज्ड एडेप्टिव लर्निंग लैब और अटल टिंकरिंग लैब का शुभारंभ किया। लैब में टैबलेट आधारित डिजिटल शिक्षा की शुरुआत होते ही छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि कान्वे जीनियस फाउंडेशन के सहयोग से प्रदेशभर के विद्यालयों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट एवं स्विफ्ट स्कूलों में बदला जा रहा है।
डॉ. रावत ने बताया कि पर्सनलाइज्ड एडेप्टिव लर्निंग प्रोग्राम के तहत विद्यालय में डिजिटल लैब स्थापित की गई है, जहां छात्रों को टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं। टैबलेट में विशेषज्ञों द्वारा तैयार ई-लर्निंग कंटेंट मौजूद रहेगा और प्रत्येक छात्र की अलग आईडी बनाई गई है, जिसके माध्यम से वह विभिन्न विषयों का अध्ययन कर सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस तकनीक के जरिए विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का लगातार आकलन किया जाएगा। प्रत्येक अध्याय के बाद छात्रों को क्विज दिए जाएंगे और निर्धारित अंक प्राप्त करने पर ही वे अगले स्तर का कंटेंट देख सकेंगे। कम अंक आने पर छात्रों को उनकी कमजोरी के अनुसार दोबारा अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने विद्यालय में अटल टिंकरिंग लैब का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन लैब्स के माध्यम से छात्र विज्ञान, तकनीक, रोबोटिक्स और डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में प्रयोगात्मक सीखने के अवसर प्राप्त करेंगे, जिससे उनमें वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता विकसित होगी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सरोज सिंह मेहरा, एसएमसी अध्यक्ष कुशला नाथ, कान्वे जीनियस फाउंडेशन के स्टेट हेड शलभ गुप्ता, पार्षद दिनेश पटवाल, श्रीमती अंजना डोभाल, शिक्षा विभाग के अधिकारी, छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
