Anurag Gupta
देहरादून/मसूरी, 08 अक्टूबर। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मसूरी क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक होटल के 12 कमरों और बेसमेंट को सील कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने यह कार्रवाई स्वीकृत मानचित्र और भवन निर्माण नियमों के विपरीत निर्माण पाए जाने पर की।
प्राधिकरण के अनुसार मसूरी के लाइब्रेरी रोड क्षेत्र में देवेन्द्र अग्रवाल द्वारा होटल अतिथि के नाम से किए गए निर्माण की जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से निर्मित बेसमेंट और होटल के 12 कमरों को सील कर दिया।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय पर्यटन क्षेत्र में अनियोजित निर्माण से यातायात, पार्किंग, जल निकासी और पर्यावरण संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में सुनियोजित विकास और भवन निर्माण नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। मसूरी जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे निर्माणों की लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर के सुनियोजित और सुरक्षित विकास को सुनिश्चित करना है। भवन स्वामियों को निर्माण शुरू करने से पहले स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित मानकों का पालन करना चाहिए।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। मसूरी क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है। नियम विरुद्ध निर्माण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने भवन स्वामियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि वे बिना स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण न करें। एमडीडीए की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
