Hamarichoupal,23,05,2026
ऋषिकेश। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने कानून हाथ में लेने वालों पर शिकंजा कस दिया है। काले की ढाल क्षेत्र में हरियाणा के पर्यटकों से मारपीट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले भी दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
क्या है मामला
20 मई 2026 को हरियाणा के कैथल निवासी सतवीर अपने साथियों के साथ हुंडई वेन्यू कार से ऋषिकेश घूमने आए थे। काले की ढाल में एक महिला से गलतफहमी के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने पर्यटकों से मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं और वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया गया।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने जांच शुरू की। पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पूछताछ और सुरागरसी के बाद 22 मई की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ट्रांजिट कैंप के पीछे डग रोड से अमित पुत्र ओमपाल, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी और अर्जुन भारती पुत्र रामकिशोर भारती, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। अमित की उम्र 28 वर्ष और अर्जुन की 24 वर्ष है।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल अन्य नामजद व अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस टीम
गिरफ्तारी में उ0नि0 निखिलेश सिंह बिष्ट, का0 तेजपाल, कां0 चालक जयवीर, का0 सोहन सिंह और का0 हिमांशु कुमार शामिल रहे।
एसएसपी ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पर्यटक स्थलों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
