Hamarichoupal,23,05,2026
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मसूरी पुलिस ने अनाधिकृत रूप से हूटर बजाकर खुद को वीआईपी दर्शाने और शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कोतवाली मसूरी क्षेत्र में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान बड़े मोड़ से पिक्चर पैलेस की ओर हूटर बजाते हुए आ रही स्कॉर्पियो-एन कार संख्या HR-05-BA-0022 को पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत होने पर रोक लिया। पूछताछ के दौरान चालक का व्यवहार संदिग्ध लगा, जिस पर उसका एल्कोमीटर से परीक्षण कराया गया। जांच में चालक द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार चालक वाहन में अनाधिकृत रूप से हूटर का प्रयोग कर आमजन में वीआईपी होने का प्रभाव बनाने का प्रयास कर रहा था। इस पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन को सीज कर चालक सुनील कल्याण पुत्र बलवीर सिंह निवासी बीपीओ कुटेल, करनाल (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
