HamariChoupal,06,05,2026
देहरादून। 06 मई 2026 को Regional Empowered Committee की उप-समिति ने देहरादून वन प्रभाग के विभिन्न रेंजों में साल बोरर होप्लो से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। यह समिति 20 अप्रैल को गठित की गई थी, जिसकी अध्यक्षता आईएफएस अधिकारी राज किशोर सिंह कर रहे थे। समिति में मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल, वन संरक्षक शिवालिक वृत्त, MoEF&CC की एआईजीएफ श्रीमती नीलिमा शाह और वन अनुसंधान संस्थान के दो वरिष्ठ वैज्ञानिक शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान आसारोड़ी, झाझरा, मल्हान और मालसी रेंजों के प्रभावित क्षेत्रों जैसे झाझरा, बायखाला, कड़वापानी, कल्याणपुर और राजपुर (देहरादून जू) का आकलन किया गया। समिति ने सहमति व्यक्त की कि इन क्षेत्रों में होप्लो की समस्या का त्वरित समाधान आवश्यक है।
इसके बाद बैठक में प्रभावित वृक्षों के प्रबंधन, निस्तारण और ट्री-ट्रैप ऑपरेशन पर चर्चा हुई। वैज्ञानिक पद्धतियों के उपयोग, नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध कार्ययोजना और स्थानीय स्तर पर संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। साथ ही भविष्य में इस समस्या की पुनरावृत्ति रोकने हेतु समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट भारत सरकार को प्रस्तुत करेगी ताकि समयानुसार प्रभावित साल वृक्षों का निस्तारण किया जा सके। निरीक्षण के दौरान प्रमुख वन संरक्षक (HoFF) रंजन कुमार मिश्र, मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल धीरज पांडे, वन संरक्षक शिवालिक वृत्त राजीव धीमान, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज शर्मा, वैज्ञानिक अरविंद कुमार और दीपक महतो सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
