HamariChoupal,29,03,2026
देहरादून। अपने परिवार वालों को बिना बताए महिला मित्र के साथ विदेश जाने के चक्कर में एक व्यापारी/ प्रोपर्टी डीलर ने लाखों गंवा दिए और जब मामले का खुलासा हुआ तो परिजनों से भी विवाद हो गया। देहरादून के एक व्यापारी से जुड़ा ठगी और पारिवारिक विवाद का चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, देहरादून का एक व्यापारी अपनी महिला मित्र के साथ विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान वह एक ठगी का शिकार हो गया। शुरुआत में यह मामला दबा हुआ था और सामने नहीं आ पाया, लेकिन छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक ठग के पकड़े जाने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो गया।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में देहरादून के व्यापारी से हुई ठगी की जानकारी सामने आई। इसके बाद ठगी से जुड़ी महिला व्यापारी के घर तक पहुंच गई, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना ने उस समय पारिवारिक विवाद का रूप ले लिया जब व्यापारी की पत्नी को पूरे मामले की जानकारी हुई। पत्नी ने अपने भाइयों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद घर में जमकर मारपीट हुई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य के रायपुर जिला पुलिस के मुताबिक, गुरुनानक नगर निवासी ट्रैवल कारोबारी हरदीप सिंह होरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मार्च की शुरुआत में एक व्यक्ति ने खुद को हर्षित अग्रवाल बताते हुए विदेश में होटल बुकिंग के नाम पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने विदेशी मुद्रा के लेन-देन का झांसा देकर उसे तेलीबांधा स्थित एक को-वर्किंग स्पेस में बुलाया। यहां चालाकी से उसे बातचीत में उलझाकर 18,000 यूएस डॉलर और 2,000 जीबीपी, जिसकी भारतीय कीमत करीब 19.47 लाख रुपये है, लेकर फरार हो गया।
मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने अमन शर्मा की तलाश शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के जरिए उसकी लोकेशन पश्चिम बंगाल के 24 परगना में मिली, जहां से संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर देश के कई राज्यों में इसी तरीके से ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के अलग-अलग इलाकों में गिरोह द्वारा कुल 22 ठगी की घटनाएं की जा चुकी हैं। अब तक करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी सामने आई है। इसी ठग ने बताया कि उसने देहरादून के एक व्यापारी से भी दस लाख की ठगी की है। इस पर पुलिस ने ठग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार व्यापारी व उसकी महिला मित्र से सम्पर्क किया तो पूरा मामला खुल गया। ठग को इस बात की जानकारी थी कि जो व्यापारी विदेश के पैकेज के पैसे दे रहा है वह अपनी पत्नी नही बल्कि महिला मित्र को लेकर जा रहा है वह पूरी तरह से जब आश्वस्त हो गया कि व्यापारी शिकायत नहीं करेगा तो उसने ठगी को अंजाम दे दिया। उसने अभी तक ऐसे ही लोगों को शिकार बनाया है।
