Hamarichoupal,23,02,2026
देहरादून, 23 फरवरी 2026। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को कोरोनेशन जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माणाधीन ब्लड बैंक का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को 15 मार्च तक काम पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में केंद्रीय पैथोलॉजी के बाहर भीड़ मिलने पर डीएम ने तुरंत समय में बदलाव करते हुए लैब का समय 11 बजे से बढ़ाकर 12 बजे तक करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि आज मौजूद सभी मरीजों के सैंपल लिए जाएं।
डीएम ने अस्पताल में संचालित चंदन लैब की 24×7 सेवाओं की समीक्षा की। रात में लिए गए सैंपल का विवरण नहीं मिलने पर उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर और मुख्य चिकित्साधिकारी को पिछले तीन माह के दिन-रात के सैंपल की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। यदि अनुबंध के अनुसार 24 घंटे सेवाएं नहीं पाई गईं तो लैब का आधा भुगतान रोकने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने किचन, गायनी ओटी, वेयरहाउस और ओपीडी की मरम्मत के लिए मौके पर ही 10 लाख रुपये स्वीकृत किए। गायनी डॉक्टर की कमी के कारण मरीजों को रेफर किए जाने की शिकायत पर भी संयुक्त रिपोर्ट मांगी गई।
ब्लड बैंक का थर्ड पार्टी निरीक्षण
निर्माणाधीन ब्लड बैंक का कार्य 15 मार्च तक पूरा करने और थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन की ओर से चिकित्सक, स्टाफ और उपकरण की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है।
डीएम ने इमरजेंसी और सामान्य वार्ड में भर्ती मरीजों से बात कर सफाई और भोजन की गुणवत्ता जानी। बाल वार्ड में बच्चों को मोबाइल से दूर रखने के लिए ड्राइंग व कलर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में संचालित हिलांस आउटलेट और ऑटोमेटेड पार्किंग का भी जायजा लिया गया। पार्किंग व्यवस्था पूरी क्षमता से संचालित मिली।
डीएम ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में स्वच्छता और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अस्पताल प्रशासन मौजूद रहा
